अयोध्या में राम मंदिर के दरवाजों के लिए महाराष्ट्र के जंगलों में सागौन लकड़ी की कटाई प्रारंभ, बनेंगे 44 दरवाजे*
राम मंदिर के प्रथम तल के निर्माण के समानांतर इसकी फिनिशिंग की तैयारी भी चल रही है। मंदिर में रामलला की मूर्ति स्थापना, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, शौचालय सहित इसमें इसमें लगने वाले दरवाजों के लिए लकड़ी की व्यवस्था समय से पूर्व की जा रही है। ट्रस्ट, निर्माण की निगरानी के साथ इन तैयारियों को भी धार दे रहा है। इन दिनों मंदिर के दरवाजों के लिए महाराष्ट्र के जंगलों में सागौन की लकड़ी काटी जा रही है। यहां का दल भी इसके लिए महाराष्ट्र गया,लकड़ी को निर्धारित माप में काट कर अयोध्या लाया जाएगा। राम जन्मभूमि परिसर में दरवाजों के निर्माण की योजना है। महाराष्ट्र सरकार से लकड़ी खरीदी जा चुकी है। मंदिर में 44 दरवाजे लगाए जाएंगे। इसमें तकरीबन एक हजार सात सौ घन फीट लकड़ी लगेगी, लेकिन लगभग दो हजार घन फीट लकड़ी खरीदी गई है।मंदिर के प्रत्येक तल पर लगने वाला दरवाजा नौ फीट ऊंचा व सात फीट चौड़ा होगा। इन दरवाजों पर विशेष तरह की आकृतियां होंगी, जैसे कलश, सूर्य, चक्र, शंख, गदा और विविध फूल। राम मंदिर तीन तल का होगा। इसके प्रत्येक तल पर 14-14 दरवाजे होंगे। इस समय मंदिर के प्रथम तल का निर्माण चल रहा है।






