*नए साल में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकालेश्वर के दर्शन किए
*
उज्जैन 1 जनवरी । नए वर्ष के पहले दिन भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए लाखो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी । न केवल महाकालेश्वर मंदिर बल्कि महाकाल लोक के भी अलौकिक साक्षात्कार करने के लिए लोग उमड़ पड़े । मंदिर प्रशासन द्वारा सुगम दर्शन के लिए की गई व्यवस्थाओं के कारण एक से डेढ़ घंटे के बीच लोगों को सुगम दर्शन हो गए । कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर त्रिवेणी संग्रहालय से लेकर महाकाल लोक एवं महाकालेश्वर मंदिर में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी । उन्होंने बताया अनुमान है कि लगभग 5 लाख अधिक श्रद्धालुओँ ने आज श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए। तीन लाइनों में बैरिकेडिंग लगाकर दर्शन की व्यवस्था की गई थी। स्थान स्थान पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई गई।
*दर्शनार्थियों ने व्यवस्था की सराहना की*
प्रशासन द्वारा 31 दिसंबर की रात्रि से ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी विभिन्न पॉइंट पर लगाकर दर्शनार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी ना हो इसकी व्यवस्था की गई । मुंबई से आए श्रद्धालु श्री धर क्षीरसागर ने कहा कि आज दर्शन के लिए की गई व्यवस्थाओं की जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है ।उन्होंने बताया कि वह पहले भी महाकालेश्वर आए हैं किंतु महाकाल लोक का अद्भुत अलौकिक दृश्य उनके मन में बस गया है ।उन्होंने कहा कि वर्ष के पहले दिन इतनी भीड़ उन्होंने अपने जीवन काल में कभी महाकालेश्वर मंदिर में नहीं देखी। भोपाल से आए श्री विवेक शर्मा ने बताया कि उन्होंने सोचा नहीं था कि दर्शन के लिए साल के पहले दिन इतने लोग मंदिर परिसर में दिखाई देंगे ।






