पालदा उद्योग नगर में ग्रिड का नवीनीकरण कार्य पूरा
इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री अमित तोमर के निर्देश और मुख्य अभियंता श्री पुनीत दुबे के मार्गदर्शन में शहर के पालदा उद्योग नगर के 33/11 केवी बिजली ग्रिड का नवीनीकरण हुआ है। इस ग्रिड से 2500 उद्योगिक और 800 अन्य उपभोक्ता जुड़े है। यहां सिविल और ग्रिड के अन्य कार्य पर लगभग 25 लाख से ज्यादा की राशि व्यय हुई है। मप्रपक्षेविविकं के इंदौर दक्षिण शहर कार्यपालन यंत्री श्री डीके तिवारी ने बताया कि उद्योग संघ ने शहर अधीक्षण यंत्री श्री मनोज शर्मा से भेंटकर भी ग्रिड के नवीनीकरण की मांग की थी। उक्त कार्य पूर्ण होने के बाद सभी 3300 उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अच्छे वोल्टेज के साथ बिजली मिलने लगी है। विशेष रूप से दाल मिलों को फायदा मिल रहा है। कार्यपालन यंत्री श्री तिवारी ने बताया कि इसी तरह मैकेनिक नगर, चोईथराम मंडी वाले ग्रिड का भी लगभग 12 लाख रूपए से नवीनीकरण कार्य प्रारंभ किया गया है।
1496 views





