जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने चन्द्रभागा में दीपदान कर की महाआरती

झालावाड़ 07। चन्द्रभागा मेला 2022 के दौरान 7 से 9 नवम्बर तक जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रमों के तहत् सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित एवं पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने चन्द्रभागा नदी पर विधिवत मंत्रोच्चार के साथ महाआरती एवं दीपदान किया।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी मनीषा तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीना, देवेंद्र सिंह, पुलिस उप अधीक्षक बृजमोहन मीना सहित बड़ी संख्या में पुरूषों, महिलाओं एवं पर्यटकों ने महाआरती एवं दीपदान कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान जिला कलक्टर द्वारा माँं चन्द्रभागा को सौभाग्य के स्वरूप चुनड़ी ओढ़ाई गई। इसके पश्चात् शानदार भव्य आकाशीय आतिशबाजी ने दीपदान कार्यक्रम को अत्यन्त मनमोहक बना दिया। इससे पूर्व द्वारकाधीश मंदिर झालरापाटन से चन्द्रभागा नदी तक शोभायात्रा भी निकाली गई। जिसे जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।






