दिल्ली में कम नहीं हुआ प्रदूषण का स्तर तो बंद हो सकते हैं स्कूल
November 3, 2022
नई दिल्ली. दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बुधवार को भी दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रिकॉर्ड की गई। आज भी इसमें कोई खास सुधार की गुंजाइश नहीं है। बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए शहर के डॉक्टरों ने भी लोगों, खासकर बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को घर के अंदर रहने की सलाह दी है। इस दौरान श्वसन संबंधी प्रभावों का गंभीर जोखिम होता है।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने भी शहर में बढ़ते प्रदूषण के स्तर के बीच लोगों से घर से काम करने और निजी वाहनों के इस्तेमाल से बचने की अपील की। पूसा में, एक्यूआई 359 ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि पीएम 10 को ‘खराब’ श्रेणी के तहत 269 पर दर्ज किया गया। इस बीच राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण से बच्चों की सुरक्षा के लिए किए गए उपायों के बारे में दिल्ली सरकार को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि प्रदूषण रोकने में सरकार विफल रही है, ऐसे में स्कूल बंद करने पर विचार किया जाना चाहिए।
1156 views





