*2020 तक स्पोर्ट्स इवेंट में मिल सकेगी 5G कनेक्टिविटी, 2021 तक देशभर में शुरू होगी सर्विस*
नई दिल्ली। दुनिया के कई देशों में 5जी कनेक्टिविटी को लेकर ट्रायल शुरू हो चुके हैं और देश में 2020 के आखिरी तक 5जी नेटवर्क मिलने की उम्मीद है। मीडिया और कम्युनिकेश कंपनियों को सॉफ्टवेयर सर्विस प्रदान करने वाली कंपनी एमडोक्स के लिए ओवम की स्टडी में ये बात सामने आई है। दरअसल, ज्यादातर टेलीकॉम ऑपरेटर सबसे पहले किसी स्पोर्ट्स इवेंट में 5जी कनेक्टिविटी देने की बात कह रहे हैं।
इस रिसर्च में दुनियाभर के 100 टेलीकॉमर ऑपरेटर के सी-लेवल के अधिकारियों को शामिल किया गया था। इनमें से 50% ने भविष्य में एक स्पोर्ट्स टीम का मालिक होने का इरादा भी जताया क्योंकि वे स्पोर्ट्स इकोसिस्टम में अपनी भागीदारी बढ़ाना चाहते हैं। इससे न सिर्फ 5जी कनेक्टिविटी के लिए निवेश बढ़ाया जा सकेगा बल्कि स्टेडियम और बड़े स्थानों के जरिए 5जी कनेक्टिविटी भी पहुंचाई जा सकेगी।
रिसर्च में सामने आई बड़ी बातें
इस रिसर्च में शामिल 75% भारतीय टेलीकॉम ऑपरेटर 5जी के जरिए वर्चुअल रियलिटी (वीआर) और 100 ऑपरेटर ने ऑग्मेंटेड रियलिटी (एआर) का इस्तेमाल करने की योजना बनाई है, ताकि लोगों को न सिर्फ स्टेडियम में बल्कि घरों में भी 5जी का एक्सपीरियंस दिया जा सके।
दावा है कि 5जी की स्पीड 4जी की तुलना में 10 गुना ज्यादा रहेगी। इस कारण एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स में 5जी के जरिए नया एक्सपीरियंस दिया जा सकता है। उदाहरण के लिए, एआर या वीआर के जरिए दर्शक तुरंत रिप्ले देख सकते हैं या 360 डिग्री स्ट्रीम कर सकते हैं।
5जी घर पर स्पोर्ट्स इवेंट देखने का एक्सपीरियंस बदल देगा और इसीलिए 75% भारतीय टेलीकॉम ऑपरेटर मल्टी-स्क्रीन पे-टीवी सर्विस शुरू करने की योजना बना रहे हैं। 5जी की मदद से न सिर्फ मोबाइल टीवी और वीडियो क्वालिटी इंप्रूव होगी बल्कि मोबाइल कंटेंट की रेंज भी बढ़ जाएगी।
2020 तक मिल सकता है 5जी एक्सपीरियंस
देश में 5जी कनेक्टिविटी के लिए ज्यादा इंतजार करने की भी जरूरत नहीं है क्योंकि इस स्टडी में शामिल 75% भारतीय टेलीकॉम ऑपरेटर 2020 तक किसी स्पोर्ट्स इवेंट या स्पोर्ट्स वेन्यू में 5जी का ट्रायल शुरू करने की योजना बना रहे हैं। जबकि, देशभर में 5जी कनेक्टिविटी 2021 तक शुरू होने की उम्मीद है।
5जी के लिए बेहतरीन प्लेटफॉर्म है स्पोर्ट्स इवेंट
एमडोक्स के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर गैरी माइल्स का कहना है कि, “ऑपरेटरों के लिए जरूरी है कि वे 5जी के लिए निवेश तलाशें। उन्होंने बताया, “हमारी रिसर्च में सामने आया कि अपनी नई सर्विस के ट्रायल के लिए ऑपरेटर स्पोर्ट्स इवेंट को बड़े प्लेटफॉर्म के रूप में देख रहे हैं। क्योंकि ऐसे इवेंट में ग्राहकों को 5जी कनेक्टिविटी का अनुभव तो मिलेगा ही, साथ ही ऑपरेटरों को भी अपनी क्षमता के बारे में पता चल जाएगा।






