योगी सरकार का यूपी में 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य, 10 से 12 फरवरी आयोजित होगी ग्लोबल इनवेस्टर समिट*
दस लाख करोड़ रुपये निवेश के लक्ष्य के साथ जिस ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारी महीनों से चल रही है, उसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तारीखें भी तय कर दी हैं। जनवरी में प्रस्तावित रहा यह आयोजन अब राजधानी लखनऊ में अगले वर्ष 10, 11 और 12 फरवरी को होगा। तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह समिट ‘नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ की आकांक्षाओं को उड़ान देने वाली होगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘रिफार्म, परफार्म और ट्रांसफार्म’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश के ‘ड्रीम डेस्टिनेशन’ के रूप में उभरकर आया है। देश की छठवीं से दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। इन संभावनाओं को देखते हुए ही 10, 11 और 12 फरवरी, 2023 को उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित की जा रही है, जिसका लक्ष्य 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाना है।






