सूर्यकुमार यादव को पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने दी चुनौती, कहा- यह काम करेंगे तो मानूंगा आपको T20I का बेस्ट बल्लेबाज*
भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव इन दिनों गजब की फार्म में हैं और उनके बल्ले से खूब रन निकल रहे हैं। वो खास तौर पर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में खूब चमके हैं और इस वक्त भारत का ये बल्लेबाज टी20 क्रिकेट में साल 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी है। आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मैच में सूर्यकुमार ने गजब की पारी खेली थी और 5 छक्के व 5 चौकों की मदद से 69 रन बनाए थे। सूर्यकुमार यादव की सबसे बड़ी क्षमता ये है कि वो किसी भी एंगल से शाट लगा सकते हैं और उन्हें अब 360 डिग्री बल्लेबाज भी कहा जाने लगा है। सूर्यकुमार की बल्लेबाजी देखकर कुछ क्रिकेट के एक्सपर्ट ने उन्हें अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का बेस्ट बल्लेबाज करार दिया है, लेकिन टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर व सेलेक्टर सबा करीम का मानना है कि वो इतनी जल्दी सूर्यकुमार को टी20 क्रिकेट का बेस्ट बल्लेबाज नहीं मान सकते हैं। सबा करीम ने एक टीवी न्यूज चैनल पर बात करते हुए कहा कि वो भारत के मैच विजेता खिलाड़ी के रूप में सामने आए हैं। मैं अभी भी इस बात का इंतजार कर रहा हूं कि वो किसी बड़े टूर्नामेंट में किसी बड़े टीम के खिलाफ बड़ा स्कोर करें। इसके बाद ही मैं उन्हें माडर्न-डे क्रिकेट के बेस्ट बल्लेबाज के रूप में देखूंगा।






