किसानों के मुद्दों पर कल से भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा निकाल योगी सरकार को घेरेगी कांग्रेस*
उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, फैजाबाद, देवीपाटन, बरेली मंडलों से संबंधित जिलों, तहसीलों, ब्लाकों और ग्राम पंचायतों में 10 सितंबर से भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा शुरू करेगी। भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा के माध्यम से कांग्रेस योगी सरकार से भाजपा के संकल्प पत्र में किये गए वादों को पूरा करने की मांग करेगी।उप्र किसान कांग्रेस मध्य जोन के चेयरमैन जगदीश सिंह ने बताया कि भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा में पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय किसानों को साथ लेकर प्रतिदिन 2.5 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे।यात्रा में शामिल होने वाले पार्टी पदाधिकारी गांव के किसान परिवार के द्वार पर ही विश्राम करेंगे। जिस गांव में यात्रा पहुंचेगी, वहां के पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा खेती पर निर्भर रहने वाली उप्र की 68 प्रतिशत आबादी के समर्थन में है।प्रदेश के किसान सूखे की स्थिति, बिजली के बिल आदि की समस्याओं से परेशान हैं। उप्र किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुशील तिवारी ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक कार्पोरेट जगत से जुड़े लोगों की संपत्तियां कई गुना बढ़ गई हैं जबकि किसान की प्रतिदिन आय मात्र 27 रुपये ही है।हर किसान पर लगभग 74000 रुपये का कर्ज है। किसानों की आय दोगुनी करने का भाजपा सरकार का वादा झूठा साबित हुआ है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। 3570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में राहुल गांधी देश के 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेंगे।






