अक्षय तृतीया पर सजा सराफा बाजार, सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट से बढ़ेगा कारोबार*
दो वर्ष के कोरोना काल के बाद अक्षय तृतीया पर सराफा बाजार फिर से ग्राहकों का स्वागत करने को तैयार है। ग्राहकों को ग्राहकों को लुभाने के लिए आफर और उपहार की भरमार है। वहीं, सहालग के मौके पर ज्वेलरी की जमकर खरीदारी हो रही है। दो सप्ताह में चांदी के दाम में 6,500 रुपये प्रति किलो और सोने में 1,500 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आने से अक्षय तृतीया के दिन अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।मंगलवार को अक्षय तृतीया है। कोरोना महामारी के चलते वर्ष 2020 और 2021 में सराफा बाजार में अक्षय तृतीया के दिन दुकानें नहीं खुल सकी थीं। अक्षय तृतीया की तैयारी को लेकर रविवार को बिरहाना रोड, नयागंज व चौक सराफा की ज्यादातर दुकानें खुली रहीं। बहुत से लोगों ने रविवार को ही जेवर पसंद कर रख दिए हैं। अब मंगलवार को भुगतान कर इन्हें ले जाएंगे। अधिकतर ग्राहकों ने अक्षय तृतीया की भीड़ से बचने के लिए ऐसा किया है।कारोबारियों ने मंगलवार के लिए अपने स्टाफ की संख्या भी बढ़ा दी है। हालांकि, पिछले कुछ वर्ष में लाइटवेट ज्वैलरी का प्रचलन युवाओं के बीच तेजी से बढ़ा है लेकिन सहालग के लिए भारी ज्वेलरी हमेशा की तरह अब भी खरीदी जा रही है।






