पुलिस को मिली बड़ी सफलता
30 लाख 65 हजार रूपए के नकली नोट के साथ 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार
खरगोन 20 जनवरी 2021/ गत 19 जनवरी को थाना प्रभारी बलकवाड़ा वरूण तिवारी को मुखबीर द्वारा सूचना मिली कि जितेंद्र नाम का व्यक्ति 2 हजार व 500 रूपए के नकली नोट छापने व बेचने का कारोबार करता है तथा साहिल व संजय के साथ मिलकर नोट सप्लाई करने का कारोबार करते है। मुखबीर की सूचना पर थाना प्रभारी बलकवाड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम में टीम सउनि राजेंद्र चौहान, प्रआर शक्तिसिंह, आर अनिल, मुकेश पटेल, अभिलाश डोंगरे, अमित श्रीपाल, सुभाष, नीरज, दुर्गाविजय, सैनिक ईश्वर व नरेंद्र को शामिल किया गया। टीम 19 जनवरी को कार्यवाही के लिए सिंगाजी मंदिर के सामने बलखड़ रोड के पास पहुंचे, जहां पर 5 व्यक्ति तीन मोटर सायकल सहित खडे होकर लेन-देन करते हुए दिखाई दिए। जिन्होंने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा जिन्हे घेराबंदी कर पकड़ा। पकड में आए व्यक्ति नरेंद्र पिता अमरसिंग पंवार निवासी ग्राम बमनाला थाना भीकनगांव के पास से 2 हजार एवं 500 रुपए के कुल 5 लाख रुपए, जितेंद्र पिता रामप्रसाद भाटी निवासी आनंदीखेडी थाना नलखेड़ा जिला आगर मालवा के पास से 2 हजार एवं 500 रुपए के कुल 4 लाख रुपए तथा संजय पिता चतरसिंह निवासी ग्राम ललनी थाना भीकनगांव, साहिल पिता पवन पंवार निवासी बोरगांव बूजुर्ग थाना पंधाना एवं विजय उर्फ कान्हा पिता बदामसिंह निवासी ग्राम टेमरनी थाना गोगावां के पास से 2 हजार एवं 500 रुपए के कुल 3-3 लाख रुपए के नोट मिले। इन नोटों का सुक्ष्मता से अध्ययन उच्च गुणवत्ता के नकली नोट होना पाया। आरोपियों से कुल 18 लाख रुपए विधिवत जब्त किए। इस बात की जानकारी पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्रसिंह चौहान ने बुधवार को प्रेसवार्ता के माध्यम से संचार प्रतिनिधियों को दी।
आरोपी जितेंद्र मामा के साथ मिलकर करता था काम
पकड में आए व्यक्ति जितेंद्र से पूछताछ पर उसके द्वारा अपने घर ग्राम आनंदीबेडी थाना नलखेडा जिला आगर मालवा में अपने मामा जगदीश पिता रतनलाल तोमर निवासी ग्राम तलावली थाना लसूडिया इंदौर के साथ मिलकर नकली नोट छापने व स्वयं व मामा के साथ मिलकर मार्केट में चलाने एवं सप्लाई करने का काम करना बताया। पुलिस टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए जितेंद्र पिता रामप्रसाद भाटी निवासी आनंदीखेडी थाना नलखेडा जिला आगर मालवा को साथ लेकर इंदौर पहुंची। यहां आरोपी जगदीश पिता रतनलाल तोमर निवासी ग्राम तलावली थाना लसूडिया इंदौर को गिरफ्तार कर पुछताछ कर कब्जे से 2 हजार एवं 500 रुपए के कुल 4 लाख 65 हजार रुपए के उच्च गुणवत्ता के नकली नोट मिले, जिन्हे विधिवत जब्त किया गया। आरोपी को साथ लेकर ग्राम आनंदीबेडी थाना नलखेडा जिला आगर मालवा पहुंचकर आरोपी जितेंद्र के घर से अपूर्ण छप्पे नकली नोट, 2 प्रिंटर मशीन, नोट छापने के उपयोग किया जाने वाला कागज, कटर, अन्य उपकरण एवं 2 हजार रुपए एवं 500 रुपए के नकली नोट कुल 8 लाख रुपए के विधिवत जब्त किए गए।
आरोपियों के विरूद्ध थाने में भादवि का अपराध किया दर्ज
आरोपियों का कृत्य नकली भारतीय मुद्रा का षडयंत्र पूर्वक जाली नोट छापने, संचालन करने, कब्जे में रखने आदि का पाया जाने से आरोपियों के विरूद्ध थाना बलकवाड़ा पर अपराध क्रमांक 21/21 धारा 489क, 489ख, 489ग, 120-बी भादवि दर्ज कर अनुसंधान में लिया गया। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपीयों से नकली नोटो के व्यवसाय में शामिल व्यक्तियों एवं उनके द्वारा चलाई गई नकली कंरेसी के संबंध में पूछताछ की जा रहा है। संपूर्ण कार्यवाही में पुलिस टीम द्वारा अब तक आरोपीगण से कुल 30 लाख 65 हजार रुपए, 3 मोटर सायकल, 2 प्रिंटर मशीन, आधे छपे नोट, नोट छापने के मे उपयोग किए जाने वाला कागज, कटर एवं अन्या उपकरण जब्त किए गए।
1663 views





