मंत्री श्री सिलावट ने चिकित्सा शिक्षा मंत्री से मिलकर इंदौर के एमवाय हॉस्पिटल के उन्नयन की रखी माँग
मंत्री श्री सिलावट ने कहा एमवाय को बनाएंगे प्रदेश का आदर्श चिकित्सालय
कैंसर चिकित्सालय के आधुनिकरण के लिये जरूरी हैं रेडियो थेरेपी की सुविधा: मंत्री श्री सिलावट
इंदौर, 13 जनवरी 2021,
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग से भोपाल में भेंट कर एमवाय चिकित्सालय को प्रदेश का आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसित करने के लिए चिकित्सालय के उन्नयन एवं चिकित्सा शिक्षा से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस मौके पर मंत्री श्री सिलावट ने चिकित्सा शिक्षा मंत्री को पत्र देकर एमवाय चिकित्सालय में पुराने ऑपेरशन थियेटर को मॉड्यूलर ऑपेरशन थियेटर में बदलने कि मांग की। साथ ही इंदौर में बढ़ते रोड एक्सीडेंट के मामलों को दृष्टिगत रखते हुए एमवाय अस्पताल में 200 बिस्तरों का नवीन ट्रामा एवं इमरजेंसी सेंटर स्थापित करने के भी मांग रखी। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा मंत्री को बताया कि वर्तमान में अस्पताल में सिटी स्कैन एवं एमआरआई आउटसोर्स के माध्यम से किया जा रहा है इसलिए बहु-चिकित्सकीय योजना एवं एनएमसी की गाइडलाइन को देखते हुए सिटी स्कैन एवं एमआरआई की व्यवस्था सरकार को स्वयं के स्तर पर करना आवश्यक है। उन्होने मंत्री श्री सारंग से उक्त मागो पर त्वरित कार्यवाही करने का अनुरोध किया।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा है कि एमवाय हॉस्पिटल परोपकार का हास्पिटल है। यहाँ मालवा-निमाड़ के साथ साथ अन्य राज्यों के मरीज़ भी आकर निःशुल्क इलाज प्राप्त करते है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान इंदौर को सपनों का शहर कहते है, उनके इस कथन को प्रत्यक्ष रूप देते हुए हम इंदौर को मुख्यमंत्री जी के संकल्पों का शहर बनाएंगे और आम आदमी और गरीबों के कल्याण का हर संकल्प यहाँ पूरा किया जाएगा।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा है कि इन्दौर में नवनिर्मित सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की कमियों को भी दुरुस्त किया जाएगा। इस बाबत उन्होंने मंत्री श्री सारंग से विस्तृत चर्चा की है। अस्पताल मं् रिक्त नर्स और डॉक्टर्स के पदों की शीघ्र प्रतिपूर्ति हो यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है। मंत्री श्री विश्वास सारंग ने चर्चा के बाद यह आश्वस्त किया है कि वे शीघ्र ही इंदौर आएंगे और स्वयं आकर व्यवस्थाएं देखेंगे। मंत्री श्री सिलावट दवारा इस संबंध में जो भी प्रयास किए जा रहे हैं, उन्हें परिणाम मूलक बनाया जाएगा। श्री सारंग ने कहा है कि वे शीघ्र ही अपना दो दिन काइंदौर प्रवास बनाएंगे।
इंदौर कैंसर चिकित्सालय में आधुनिक मशीन “लिनियर-एक्सीलरेटर” को स्थापित करने की रखी मांग
मंत्री श्री सिलावट ने चिकित्सा शिक्षा मंत्री को बताया कि इंदौर का कैसर चिकित्सालय मध्य प्रदेश का पहला कैंसर चिकित्सालय है। इस चिकित्सालय से पढ़कर यहां के विशेषज्ञ चिकित्सकीय दुनिया के हर कोने में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस चिकित्सालय में प्रतिवर्ष 4000 से भी अधिक नए कैंसर मरीजों का इलाज किया जाता है, इसके अतिरिक्त 1000 से अधिक मरीजों को बाह्य रोगी विभाग में भी देखा जाता है।
पिछले 50 वर्षों में कैंसर के रेडियोथैरेपी इलाज की प्रक्रिया अत्यधिक आधुनिक हो चुकी हैं जबकि उक्त चिकित्सालय वर्तमान में वर्षों पुरानी कोबाल्ट तकनीक से मरीजों का इलाज कर रहा है। यहां के विद्यार्थी भी इस आधुनिक तकनीक को सीखने से वंचित है जोकि एक प्रगतिशील चिकित्सा महाविद्यालय के लिए सुधारयोग्य है। इसके अतिरिक्त आधुनिक तकनीक से इलाज के लिए जरूरतमंद मरीजों को अन्य चिकित्सालय में इलाज हेतु भेजा जाना पड़ता है, जहां आयुष्मान योजना के तहत शासन को प्रति मरीज एक लाख से भी अधिक की राशि खर्च करनी पड़ती है। उपरोक्त सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए शासकीय कैंसर चिकित्सालय, महात्मा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय इंदौर मे रेडियोथैरेपी की आधुनिक मशीन “लिनियर-एक्सीलरेटर” को तुरंत स्थापित किया जाना चाहिए। इससे विद्यार्थी एवं मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदाय की जा सकेगी।
एमवाय हॉस्पिटल को आदर्श चिकित्सालय बनाने के लिए जरूरी है निम्न व्यवस्थाएं
मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने चिकित्सा शिक्षा मंत्री को बताया कि एमवाय हॉस्पिटल को प्रदेश के आदर्श हॉस्पिटल के रूप में परिवर्तित करने के लिए जिला प्रशासन का सहयोग भी अति आवश्यक है। इसके लिए जरूरी है कि प्रशासन दवारा हॉस्पिटल परिसर में उचित व्यवस्थाएं स्थापित की जाएं। उन्होने मंत्री श्री विश्वास सारंग को अवगत कराया कि चिकित्सालय में पुलिस चौकी स्थापित की जाये जिससे परिसर में असामाजिक तत्वों की निगरानी निरंतर की जा सकेगी। साथ ही अस्पताल परिसर में सुरक्षा के उददेश्य से 24X7 कार्य करने हेतु रेपिड रिस्पॉन्स टीम गठित की जाये। उन्होंने कहा कि अस्पताल की संपत्तियों का सीमांकन कराया जाये, परिसर में बाध्य अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाये। हॉस्पिटल परिसर के लिये एक सैप्परेट फीडर विकसित किया जाये। जिससे लाइट की पूर्ति 24 घंटे की जा सके। इसी तरह मंत्री श्री सिलावट ने हॉस्पिटल परिसर के अंदर की रोड निर्माण, स्ट्रीट लाइट, वृक्षारोपण एवं सौन्दर्यकरण, एमबुलेंस, पार्किंग, मल्टीलेवल स्टॉफ क्वाटर्स, वाटर कुलर आदि व्यवस्थाओं से संबंधित मांग भी रखी।
स्कूल ऑफ एक्सीलेंस प्रोजेक्ट हेतु आवंटित धन राशि में वृद्धि हेतु अनुरोध
मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के स्कूल ऑफ एक्सीलेंस प्रोजेक्ट हेतु 39.69 करोड़ रूपये का बजट निर्धारित किया गया है। जिसमें से 18.03 करोड़ रूपये उपकरणों के लिये आवंटित है। पिछले तीन वर्षों में विदेशी मुद्रा दरों के साथ-साथ अन्य लागतों में वृद्धि को देखते हुए हम आवंटित धन राशि में 10 करोड़ रुपये की वृद्धि के लिए अनुरोध करेंगे। इसके अलावा उक्त प्रोजेक्ट के कार्य में तेजी लाने हेतु एमपीएमएसयू से तत्काल धनराशि जारी करने का भी आग्रह करेंगे।







