अपनी चुनाव रणनीति के तहत कांग्रेस ने ‘आ रही है कांग्रेस, परिवर्तन मांगे मध्य प्रदेश’ गाना तैयार किया है।

*अपनी चुनाव रणनीति के तहत कांग्रेस ने ‘आ रही है कांग्रेस, परिवर्तन मांगे मध्य प्रदेश’ गाना तैयार किया है। इसके जरिए मतदाताओं के मन में पार्टी अपना आत्मविश्वास दिखाने की कोशिश कर रही है।*

इंदौर। पांच राज्यों की विधानसभा के अंतिम चरण के चुनाव में कांग्रेस एक प्रयोग करने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस मध्य प्रदेश में रणनीति बदलाव करते हुए उस फॉर्म्युले को लागू करने की तैयारी कर रही है, जिसे बीजेपी ने 2017 में उत्तर प्रदेश के चुनाव में लागू किया था। पार्टी ने एक चुनाव के लिए एक थीम तैयार किया है, जिसे अगले हफ्ते वोटरों को लुभाने के लिए लॉन्च किया जा सकता है। बीजेपी ने भी पिछले उत्तर प्रदेश चुनाव में ऐसा ही एक गाना लॉन्च किया था। गाने के शुरुआती बोल हैं, ‘आ रही है कांग्रेस, परिवर्तन मांगे मध्य प्रदेश’।

कांग्रेस के चुनाव अभियान से जुड़े एक सीनियर नेता ने बताया, ‘यह गाना वोटर्स में विश्वास जगाने के लिए तैयार किया गया है। यह गाना उन सभी लोगों के लिए है, जो कांग्रेस को वोट तो देना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस के सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त नहीं हैं।’ यह गाना स्थानीय रेडियो चैनल और चुनावी रैलियों में चलाया जाएगा।

यह रणनीति इससे पहले 2017 में उत्तर प्रदेश चुनाव में बीजेपी ने अपनाई थी। बीजेपी ने ‘आ रही है भाजपा सरकार’ गाना लॉन्च किया था। इस गाने के बाद बीजेपी को फायदा हुआ और अपने वोटों को इकट्ठा करने में मदद मिली। मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को एक फेज में 230 सीटों पर चुनाव होने हैं। पार्टी को लगता है कि एमपी में बीजेपी का चुनावी अभियान कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा फैला हुआ है।

2579 views