*महापौर का कांग्रेस पर हमला: बोले- नर्मदा विवाद का समाधान डॉ. मोहन यादव की बड़ी उपलब्धि, जीतू पटवारी को NWDT की समझ तक नहीं*
इंदौर। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नर्मदा जल विवाद को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस समझौते को कांग्रेस मध्य प्रदेश के साथ धोखा बता रही है, वह वास्तव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य के हितों की ऐतिहासिक जीत है। उन्होंने दावा किया कि वर्षों पुराने विवाद का समाधान मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता और निर्णायक नेतृत्व के कारण संभव हुआ।
महापौर ने कहा कि नर्मदा जल विवाद न्यायाधिकरण (NWDT) अवॉर्ड के तहत मध्य प्रदेश पर करीब 1500 करोड़ रुपए की देनदारी बनने की स्थिति थी, लेकिन केंद्र सरकार और चार राज्यों के बीच हुई सहमति के बाद यह राशि घटकर करीब 250 करोड़ रुपए रह गई। उन्होंने इसे मध्य प्रदेश के लिए बड़ा वित्तीय लाभ बताते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रभावी पैरवी और निर्णय क्षमता का परिणाम है।
पुष्यमित्र भार्गव ने जीतू पटवारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सवाल उठाते हुए कहा, “मैं जीतू पटवारी से पूछना चाहता हूं कि क्या उन्हें एनडब्ल्यूडीटी (NWDT), इंटर स्टेट वॉटर डिस्प्यूट एक्ट और नर्मदा जल विवाद की मूलभूत जानकारी भी है? यदि इसकी समझ होती तो वे ऐसा बयान नहीं देते।”
महापौर ने कांग्रेस के शासनकाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के शासन में मध्य प्रदेश बिजली संकट से जूझता रहा, जबकि भाजपा सरकारों ने नर्मदा पर बांधों का निर्माण तेज कर सिंचाई का रकबा बढ़ाया और बिजली उत्पादन में ऐतिहासिक वृद्धि की। उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश में 31 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचित हो रही है और करीब 57 प्रतिशत बिजली उत्पादन नर्मदा परियोजनाओं से हो रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच हुई बैठक में वर्षों पुराने विवाद का समाधान निकाला गया। इससे राज्यों के बीच चला आ रहा विवाद समाप्त हुआ और पानी, सिंचाई तथा बिजली परियोजनाओं का रास्ता साफ हुआ।
महापौर ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, “चार राज्यों के हित में हुआ समझौता कांग्रेस को रास नहीं आ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश का हित सुरक्षित किया है, लेकिन कांग्रेस इसे भी राजनीतिक चश्मे से देख रही है।”
उन्होंने कहा कि “डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश लगातार विकास और निर्णायक फैसलों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस तथ्यों की बजाय भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है, लेकिन जनता अब सच और राजनीति के फर्क को अच्छी तरह समझती है।”
0 views





