प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु को दी 8300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में 8300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। राम नवमी के अवसर पर उन्होंने अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि बीते 10 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था दोगुनी हो चुकी है और इसका मुख्य कारण है तेज़ गति से विकसित हो रहा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर। रेल, सड़क, एयरपोर्ट, गैस पाइपलाइन जैसे क्षेत्रों में निवेश छह गुना तक बढ़ाया गया है। पीएम मोदी ने देश के प्रमुख प्रोजेक्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा जम्मू-कश्मीर का चिनाब ब्रिज, मुंबई का अटल सेतु, असम का बोगीबील ब्रिज और दक्षिण भारत में पंबन ब्रिज, भारत की विकास यात्रा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु देश के विकास में एक महत्वपूर्ण भागीदार है। 2014 के मुकाबले केंद्र की ओर से राज्य को तीन गुना अधिक फंड दिया गया है। वहीं, राज्य के रेलवे बजट में भी बड़ा इज़ाफा हुआ है जहां पहले 900 करोड़ रुपये मिलते थे, अब यह बढ़कर 6000 करोड़ से अधिक हो गया है। 77 रेलवे स्टेशन, जिनमें रामेश्वरम भी शामिल है, आधुनिक बनाए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत की संस्कृति और सॉफ्ट पावर के कारण आज पूरी दुनिया भारत को जानना और समझना चाहती है






