रामनवमी पर PM मोदी का संदेश : श्रीराम का आदर्श भारत को दे नई ऊर्जा और प्रेरणा*
देशभर में रामनवमी का पर्व आज बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर मार्ग को फूलों से सजाया गया है और श्रद्धालु सरयू नदी में पावन स्नान कर रहे हैं। रामनवमी के अवसर पर रामलला के दरबार में जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस बार खास बात यह है कि रामलला के मस्तक पर सूर्य तिलक किया जा रहा है। यह तिलक तीन शुभ योग – रवि योग, सर्वार्थसिद्धि योग और सुकर्मा योग में किया जाएगा। सूर्य तिलक की प्रक्रिया लगभग चार मिनट तक चलेगी, जिसके लिए खास रिफ्लेक्टर और लेंस की व्यवस्था की गई है। सूर्य की किरणें रामलला के ललाट को सटीक रूप से प्रकाशित करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रामनवमी की बधाई देते हुए देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। राम जन्मोत्सव के सभी धार्मिक अनुष्ठानों और सूर्य तिलक की प्रक्रिया का लाइव प्रसारण किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश के श्रद्धालु भी इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बन सकें।






