प्रियंका की एंट्री से बदला सीट आवंटन; अयोध्या सांसद को पीछे करने पर सपा में नाराजगी*
नई लोकसभा में सीट आवंटन की प्रक्रिया ने इंडिया गठबंधन में दरार पैदा कर दी है। गठबंधन में शामिल सपा, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके कांग्रेस से नाराज हैं। तीनों दलों को लगता है कि गठबंधन की अगुवाई करने वाली कांग्रेस ने सीट आवंटन में उनकी बात नहीं रखी। इसी नाराजगी के कारण सपा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के प्रदर्शन से दूरी बना ली। लोकसभा में प्रियंका गांधी की एंट्री के बाद सपा अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद को पहली पंक्ति में जगह नहीं मिलने से नाराज है। सपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को सीट आवंटन के संबंध में हो रही बातचीत और निर्णय की जानकारी उचित समय पर नहीं दी गई। अब अखिलेश चाहते हैं कि अवधेश को पहली पंक्ति में जगह मिले। इस बीच, डिंपल यादव ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर अवधेश प्रसाद को अग्रिम पंक्ति में जगह देने का अनुरोध किया है। दूसरी ओर, दूसरी पंक्ति में भेजे गए डीएमके सांसद टीआर बालू ने कांग्रेस से अपने लिए अग्रिम पंक्ति की सीट की मांग की है।तृणमूल सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस गठबंधन की अगुवाई कर रही थी, इसलिए सीट आवंटन की प्रक्रिया में कांग्रेस से ही बात की गई। आवंटन प्रक्रिया में 99 सीटें जीतने वाली कांग्रेस को अग्रिम पंक्ति में चार सीटें मिलीं। सपा, तृणमूल, डीएमके के हिस्से अग्रिम पंक्ति की एक-एक सीट ही आईं।






