बाहरी व्यक्ति हैं…ओछी और गंदी राजनीति कर रहे’; दिल्ली में अब जल संकट पर LG और AAP में छिड़ी नई रार

बाहरी व्यक्ति हैं…ओछी और गंदी राजनीति कर रहे’; दिल्ली में अब जल संकट पर LG और AAP में छिड़ी नई रार*
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना द्वारा दिल्ली में पानी के संकट के लिए अरविंद केजरीवाल सरकार को दोषी ठहराए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने उन पर पलटवार किया है। एलजी ने दिल्ली सरकार पर लोगों के साथ “ओछी और गंदी राजनीति” करने का आरोप लगाया था। एलजी के आरोपों के जवाब में ‘आप’ ने कहा कि वह एक “बाहरी व्यक्ति” हैं, जिन्हें लोगों के भलाई में कोई दिलचस्पी नहीं है। इसके साथ ही ‘आप’ ने यह भी कहा कि पार्टी को हर मुद्दे पर उनसे लड़ना जरूरी नहीं लगता। बता दें कि, इन दिनों बढ़ते तापमान के बीच दिल्ली गंभीर जल संकट से जूझ रही है। ‘आप’ ने बयान में कहा, “दिल्ली के उपराज्यपाल एक बार फिर दिल्ली के लोगों के साथ ओछी और गंदी राजनीति कर रहे हैं। हर बार जब दिल्ली संकट का सामना करती है, तो केवल केजरीवाल सरकार ही समाधान ढूंढती है, जबकि उपराज्यपाल गंदी राजनीति करने लगते हैं। यह
स्पष्ट है कि वह एक बाहरी व्यक्ति हैं, जिन्हें दिल्ली या दिल्लीवासियों के कल्याण में कोई दिलचस्पी नहीं है। हम हर मुद्दे पर उनसे लड़ना जरूरी या उचित नहीं समझते।”

1876 views