*नगर निगम के डंपर से हुई दुखद दुर्घटना में 6 वर्षीय बालिका की मृत्यु*
*महापौर ने जताया शोक और की आर्थिक सहायता की घोषणा* *दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई*
*क्लीन एयर और रोजगार मेलों को लेकर भी किए अहम ऐलान*
*पुराने टैंकर होंगे बंद, जीपीएस आधारित व सोलर टैंकरों का होगा संचालन*
इंदौर, वार्ड 54 में आज सुबह एक हृदयविदारक घटना घटित हुई, जहाँ नगर निगम के डंपर से टकराने के कारण एक 6 वर्षीय बालिका की दुखद मृत्यु हो गई। इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दिवंगत बालिका के परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की और कहा कि नगर निगम परिवार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
महापौर ने निर्देशित किया है कि पीड़ित परिवार को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, महापौर ने स्पष्ट किया कि यदि दुर्घटना में ड्राइवर की लापरवाही या डंपर की खराब स्थिति पाई जाती है, तो नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*पुराने टैंकर होंगे बंद, जीपीएस आधारित व सोलर टैंकरों का होगा संचालन*
महापौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा उपयोग किए जा रहे पुराने टैंकरों को चरणबद्ध रूप से हटाकर, जीपीएस व फिटनेस आधारित आधुनिक टैंकरों का संचालन किया जाएगा। बुधवार, अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर सुबह 8:00 बजे राजवाड़ा से मध्य इंदौर क्षेत्र में नई ईवीआधारित कचरा गाड़ियाँ शुरू की जाएंगी। इस अवसर पर सौर ऊर्जा से संचालित टैंकरों को भी शामिल किया जाएगा और हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया जाएगा।
*गर्मियों में पानी संकट को लेकर नगर निगम की विशेष रणनीति*
महापौर ने बताया कि इंदौर शहर में वर्तमान में पानी की आपूर्ति 50 MLD कम है, जिससे गर्मियों में बोरिंग और कॉलोनियों में पानी का संकट उत्पन्न हो जाता है। उन्होंने कहा कि पानी के उपलब्ध संसाधनों के वितरण की मॉनिटरिंग रोज़ाना की जा रही है, और जनता से अपील की कि अनावश्यक मोटर उपयोग बंद करें ताकि सभी तक पानी पहुँच सके।उन्होंने यह भी कहा कि जल संकट से निपटने हेतु सभी स्तरों पर प्रयास जारी हैं और जनता से सहयोग अपेक्षित है।
1809 views





