आस्ट्रेलियाई पीएम का प्रस्ताव, हिंद प्रशांत क्षेत्र में पीएम मोदी करें लोकतांत्रिक देशों का नेतृत्व*
यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस को घेरने में जुटे अमेरिका व इसके सहयोगी देश भारत पर भी लगातार दबाव बनाने की रणनीति अपनाए हुए हैं। पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ दूसरे वर्चुअल शिखर बैठक में आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्काट मारिसन ने यूक्रेन पर हमले के लिए सीधे तौर पर रूस को जिम्मेदार ठहराया। मारिसन ने इस घटनाक्रम को हिंद-प्रशांत महासागर की स्थिति से जोड़कर पीएम मोदी से इस क्षेत्र में लोकतांत्रिक देशों का नेतृत्व करने का भी प्रस्ताव रखा।शिखर बैठक में चीन के आक्रामक रवैये और हिंद प्रशांत क्षेत्र में उसकी बढ़ती गतिविधियों को लेकर भी खुल कर चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच चीन पर आर्थिक निर्भरता कम करने और आपसी कारोबार व सैन्य सहयोग को प्रगाढ़ बनाने समेत दूसरे मुद्दों पर भी बातचीत हुई। हालांकि, इस तरह की शिखर बैठक के बाद दोनों देशों की तरफ से जारी होने वाला संयुक्त बयान देर रात तक जारी नहीं किया गया था।






